झारखंड प्रशिक्षित माध्यमिक आचार्य परीक्षा: दूसरे दिन 54% अभ्यर्थी अनुपस्थित, एक केंद्र दूसरी पाली पर हंगामा

2 Min Read

रांची। झारखंड प्रशिक्षित माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के दूसरे दिन शुक्रवार को रांची के 16 परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी मोड) आयोजित की गई। दूसरे दिन भी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या कम रही। दोनों पालियों को मिलाकर लगभग 54 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए।

इस बीच इरबा स्थित आइक्यूब डिजिटल सेंटर में दूसरी पाली की परीक्षा के दौरान तकनीकी और व्यवस्थागत समस्याओं के कारण अभ्यर्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित था, लेकिन कई अभ्यर्थियों को समय पर कंप्यूटर सिस्टम उपलब्ध नहीं कराया गया।

अभ्यर्थियों के अनुसार, कुछ परीक्षार्थियों की परीक्षा समय पर शुरू हुई और वह 5 बजे समाप्त हो गई, जबकि कई अभ्यर्थियों को 40 से 45 मिनट की देरी से सिस्टम मिला। इसके बावजूद उनकी परीक्षा भी तय समय पर ही खत्म कर दी गई और उत्तर पत्रक स्वतः सबमिट हो गया। केंद्र प्रबंधन की ओर से अतिरिक्त समय देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वह नहीं दिया गया, जिससे अभ्यर्थी नाराज़ हो गए।

कम समय मिलने से प्रभावित अभ्यर्थियों ने केंद्र पर हंगामा किया, जिसके बाद स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को भी बुलाया गया। वहीं, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने परीक्षा के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन का दावा किया है।

कुल 1,373 पदों पर नियुक्ति होगी।

गौरतलब है कि यह परीक्षा 23 जनवरी तक आयोजित की जा रही है। इसमें करीब 48 हजार अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। इस परीक्षा के माध्यम से कुल 1373 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।

उपस्थिति को लेकर उठ रहे सवाल

माध्यमिक आचार्य प्रतियोगिता परीक्षा में लगातार कम उपस्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पहले दिन जहां लगभग 63 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे थे, वहीं दूसरे दिन भी 54 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी। दूसरे दिन परीक्षा रांची के 16 केंद्रों पर आयोजित की गई।

Share This Article
Sudhir Kumar , **DumriExpress.com** के सह-संस्थापक हैं। वह डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्थानीय समाचार, ताज़ा अपडेट और Trending Stories की कवरेज करते हैं। उनका विशेष फोकस झारखंड की खबरों के साथ-साथ अन्य राज्यों की अहम जानकारियों पर रहता है। इसके अलावा वे राष्ट्रीय (भारत), राजनीति, तकनीक, खेल, मनोरंजन और अंतरराष्ट्रीय समाचारों को भी प्रमुखता से कवर करते हैं।