रांची : राज्य सरकार की पहल पर रांची नगर निगम के वार्ड संख्या-12 स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल (खादगढ़ा बस स्टैंड) को सुव्यवस्थित, आधुनिक और यात्रियों के अनुकूल विकसित करने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने निगम और जुड़को के पदाधिकारियों के साथ बस टर्मिनल का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आश्रयगृह, शौचालय और प्रतीक्षालय तक सुगम पहुंच सुनिश्चित होगी
निरीक्षण के दौरान प्रशासक ने निर्देश दिया कि बस टर्मिनल परिसर में यात्रियों के लिए
- आश्रयगृह
- प्रतीक्षालय
- शौचालय
तक सुगम पहुंच सुनिश्चित की जाए।
यात्रियों की सुविधा के लिए सूचना पटल और दिशा-सूचक बोर्ड लगाने पर भी जोर दिया गया, ताकि लोगों को बसों, रूट और अन्य सेवाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।
G Plus वेंडर मार्केट विकसित करने का निर्देश
प्रशासक ने निर्देश दिया कि बस टर्मिनल परिसर में अतिक्रमण हटाकर स्थानीय वेंडर्स के लिए G Plus वेंडर मार्केट विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया जाए।
इससे
- स्थानीय दुकानदारों को व्यवस्थित और स्थायी स्थान मिलेगा
- बस टर्मिनल क्षेत्र अधिक स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनेगा
साथ ही निगम और जुड़को को भूमि अतिक्रमण मुक्त कर बुनियादी संरचना और दुकानों के निर्माण की दिशा में कार्य करने को कहा गया।
ऑटो-टोटो पड़ाव भी बनेगा
बस टर्मिनल परिसर में ऑटो और टोटो के लिए अलग से पड़ाव विकसित करने का निर्देश दिया गया, ताकि यात्रियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके और यातायात व्यवस्था बेहतर हो।
ग्रीन जोन बनेगा, लाइट की होगी व्यवस्था
प्रशासक ने निर्देश दिया कि बस टर्मिनल और आसपास के क्षेत्र में
- पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था
- ग्रीन जोन का विकास
- सुगम यातायात के लिए सड़क व्यवस्था
- नाली और अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं
सुनिश्चित की जाएं।
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि इन प्रयासों से यात्रियों के साथ-साथ शहर की यातायात व्यवस्था को भी लाभ मिलेगा।
यात्रियों के लिए अनिवार्य होंगी मूलभूत सुविधाएं
निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देश दिया गया कि यात्रियों के लिए
- सुव्यवस्थित प्रवेश-निकास
- पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था
- स्वच्छ प्रतीक्षालय
- सुलभ एवं स्वच्छ शौचालय
की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
15.33 एकड़ भूमि में अवस्थित है बिरसा मुंडा बस टर्मिनल
उल्लेखनीय है कि लगभग 15.33 एकड़ भूमि में अवस्थित इस बस टर्मिनल को यात्रियों की बेहतर सुविधा, सुरक्षित वातावरण और अव्यवस्थित वेंडर्स को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से विकसित किया जाना है।
निरीक्षण के दौरान बस टर्मिनल के प्रस्तावित नए स्वरूप और लेआउट प्लान की विस्तृत जानकारी प्रशासक को दी गई।
