जयराम महतो को सरायकेला पुलिस ने अस्पताल में भर्ती JLKM नेता से मिलने से रोका, बढ़ा तनाव

3 Min Read

सरायकेला सदर अस्पताल में शुक्रवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब डुमरी विधायक जयराम महतो को अस्पताल में भर्ती JLKM नेता तरुण महतो से मिलने से पुलिस ने रोक दिया। पुलिस ने बताया कि तरुण महतो न्यायिक अभिरक्षा (ज्यूडिशियल कस्टडी) में हैं और उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, ऐसे में बिना न्यायालय की अनुमति किसी भी व्यक्ति को उनसे मिलने की इजाजत नहीं दी जा सकती।

न्यायालय की अनुमति का दिया गया हवाला
पुलिस ने स्पष्ट रूप से कहा कि न्यायिक हिरासत में इलाज करा रहे आरोपी से मुलाकात केवल न्यायालय की अनुमति से ही संभव है। इसी आधार पर जय राम महतो को अस्पताल के भीतर जाने से रोक दिया गया। इस दौरान विधायक को बेरंग लौटना पड़ा। पुलिस के इस फैसले के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

सुरक्षा व्यवस्था की गई कड़ी
विधायक जयराम महतो के अस्पताल पहुंचने की सूचना पहले से मिलने पर सरायकेला सदर अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। अस्पताल परिसर के अंदर और बाहर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

विधायक जयराम महतो ने जताई नाराजगी
मुलाकात नहीं हो पाने के बाद जयराम महतो ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और वे कानूनी प्रक्रिया का सम्मान करते हैं। हालांकि उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर असंतोष जताया और कहा कि इस मामले में उनकी बात नहीं सुनी गई।

बालू लदे वाहनों के विवाद से जुड़ा है मामला
पूरा मामला इचागढ़ में बालू लदे वाहनों को रोकने को लेकर हुए विवाद से जुड़ा हुआ है। इस दौरान तरुण महतो और उनके समर्थकों पर चौकीदार और मुंशी की पिटाई का आरोप लगा था। वहीं, पुलिस की कार्रवाई के दौरान तरुण महतो भी घायल हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बाद में इलाज के लिए उन्हें सरायकेला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डीआईजी ने लिया था बयान, हाईकोर्ट ने जताया असंतोष
इस मामले में एक दिन पहले गुरुवार को कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचे थे और उन्होंने तरुण महतो का बयान लिया था। वहीं, झारखंड हाईकोर्ट ने इस पूरे प्रकरण में पुलिस की भूमिका पर असंतोष व्यक्त किया है। अदालत ने पुलिस से चार सप्ताह के भीतर रिपोर्ट तलब की है। मौके पर JLKM नेता देवेंद्र महतो सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।

Share This Article
Pradeep Kumar is the Co-Founder of DumriExpress.com, a digital news platform. He extensively covers local news, latest updates, and trending stories, with a strong focus on Jharkhand and Bihar, along with National (Bharat), Politics, Technology, Sports, Entertainment, and International news.