St. Columba’s College में Annual Athletic Meet का सफल आयोजन, इतिहास विभाग रहा ओवरऑल चैंपियन

Ravi Kumar
3 Min Read

हजारीबाग: संत कोलंबा कॉलेज, हजारीबाग के खेल मैदान में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक एथलेटिक मीट का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता में इतिहास विभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं प्रीति लकड़ा और प्रज्ज्वल कुमार को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेस्ट एथलीट घोषित किया गया।

समापन समारोह में सफल प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. विकल रंजन ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक विकास बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी की अपील की।

प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

एथलेटिक मीट के दौरान 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 1500 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक सहित कई ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाएं आयोजित की गईं। विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बेहतरीन खेल भावना का परिचय दिया।

महिला वर्ग में 5 किमी पैदल चाल में भूगोल विभाग की सुषमा कुजूर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि इतिहास विभाग की पिंकी कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं। 10,000 मीटर दौड़ सहित अन्य स्पर्धाओं में भी इतिहास विभाग के खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा।

इतिहास विभाग का दबदबा

अधिकांश स्पर्धाओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन के कारण इतिहास विभाग ने ओवरऑल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता के अंत में विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की गई, जिसे खिलाड़ियों ने गर्व और खुशी के साथ ग्रहण किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में खेल प्रभारी, शिक्षकों एवं आयोजन समिति की अहम भूमिका रही। समापन पर सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए एथलेटिक मीट का विधिवत समापन किया गया।

अंत में स्टाफ वर्ग के लिए भी हुई प्रतियोगिता

एथलेटिक मीट के अंतिम दिन शिक्षकेतर (Non-Teaching) एवं शिक्षण (Teaching) स्टाफ के लिए विशेष रूप से 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें पुरुष एवं महिला वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शिक्षकेतर महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में शबनम सांगा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रिया कुमारी भारती द्वितीय एवं रीना देवी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं शिक्षकेतर पुरुष वर्ग में गौतम कुमार ने प्रथम तथा आकाश कुमार ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

शिक्षण स्टाफ वर्ग की बात करें तो पुरुष वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अनुपम कुजूर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला शिक्षण स्टाफ वर्ग में कोमल बारजो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान अपने नाम किया।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों एवं स्टाफ सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला। उपस्थित दर्शकों ने सभी प्रतिभागियों का तालियों से उत्साहवर्धन किया। इस आयोजन ने कॉलेज में खेल भावना और आपसी सौहार्द को और मजबूत किया।

Share This Article
Ravi Kumar is a writer at DumriExpress.com. He shares clear and accurate news about Jharkhand, along with education updates and job information.