सरायढेला थाना क्षेत्र के जगजीवन नगर स्थित विकास नगर में सोमवार देर रात शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में नानी और नाती की झुलसकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे घर में धुआं भर गया और बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
देर रात लगी आग, पूरे घर में भर गया धुआं
घटना सोमवार रात करीब ढाई बजे की है। परिजनों के अनुसार, मकान के मीटर बोर्ड में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। आग के साथ उठे घने और जहरीले धुएं ने पूरे तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति ऐसी हो गई कि घर के भीतर सांस लेना भी मुश्किल हो गया।
नानी-नाती की मौके पर मौत
हादसे में चिंतामणि देवी (70 वर्ष) और उनके नाती प्रशांत कुमार (26 वर्ष) की झुलसकर मौत हो गई। प्रशांत कुमार मूल रूप से बिहार के पटना जिले के पालीगंज के रहने वाले थे और धनबाद में रहकर काम कर रहे थे। आग लगने के दौरान दोनों घर के भीतर फंस गए और बाहर नहीं निकल पाए।
तीन लोग गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में बहू सुमित्रा देवी, नाती आयुष कुमार और एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एसएनएमएमसीएच (SNMMCH) रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है।
नानी को बचाने में दमघोंटू धुएं से बेहोश हुआ प्रशांत
परिजनों ने बताया कि आग लगने के बाद प्रशांत कुमार अपनी नानी को बचाने के लिए उनके कमरे की ओर गया। लेकिन कमरे में पहले से ही आग और धुआं भरा हुआ था। दमघोंटू धुएं के कारण प्रशांत बेहोश हो गया और बाहर नहीं निकल सका। इसी दौरान वह आग की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
संकरी गली बनी बाधा, देर से पहुंची दमकल
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को खबर दी गई, लेकिन संकरी गली होने के कारण दमकल की गाड़ियां घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकीं। छोटे वाहनों से आग बुझाने की कोशिश की गई, तब तक आग काफी नुकसान कर चुकी थी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।
डीवीसी के छात्र अमन ने बचाईं चार जिंदगियां
हादसे के दौरान डीवीसी के छात्र अमन ने साहस दिखाते हुए चार लोगों की जान बचाई। अमन ने बताया कि सबसे पहले उन्होंने घर से धुआं निकलता देखा। वह तुरंत अंदर घुसे और एक-एक कर लोगों को बाहर निकाला। अमन के इस साहसिक कदम की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है।
पुलिस जांच में जुटी
सरायढेला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण बताया जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
