धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस मुलाकात में धनबाद रेलवे ज़ोन, यात्री सुविधाओं और चल रही प्रमुख ट्रेनों के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। धनबाद से चलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों— धनबाद–एलटीटी, धनबाद–जम्मू तवी, कोयंबटूर–धनबाद, उधना–धनबाद और भुवनेश्वर–धनबाद—को नियमित करने पर सकारात्मक सहमति बनी। इसके अलावा धनबाद–SMVT बेंगलुरु और धनबाद–बक्सर के लिए नई ट्रेन की मंजूरी पर भी सहमति मिली। यह बदलाव छात्रों, नौकरीपेशा, व्यापारियों और लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
नई ट्रेनों की मंजूरी भी मिली
बैठक में सांसद ढुलू महतो ने धनबाद से नई रेल सेवाओं की मांग रखी, जिस पर रेल मंत्री ने सहमति दी। अब इन नई ट्रेनों को मंजूरी का रास्ता साफ हो गया है—
- धनबाद–SMVT बेंगलुरु नई सीधी ट्रेन
- धनबाद–बक्सर नई सीधी ट्रेन
ये दोनों मार्ग बिहार, झारखंड और दक्षिण भारत के बीच तेज़ और सुगम संपर्क प्रदान करेंगे।
क्षेत्रीय यात्री सुविधाओं पर भी बड़ा निर्णय
क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं पर भी ध्यान दिया गया जिसमें से
कुमारढुबी एवं मुगमा स्टेशनों पर ठहराव, भागा क्षेत्र में रेल ओवरब्रिज, MEMU सेवाओं का विस्तार, राजधानी एक्सप्रेस में GNWL कोटा, स्टेशन सुविधाओं के उन्नयन तथा बोकारो रेलवे कॉलोनी के जीर्णोद्धार आदि सुविधाएँ बढ़ाने का आश्वासन भी मिला।
धनबाद की रेल समस्याएँ अब प्राथमिकता सूची में
धनबाद की रेल आवश्यकताओं को अब रेल मंत्रालय की प्राथमिकता सूची में शामिल किया गया है। इससे आने वाले समय में धनबाद क्षेत्र में बुनियादी ढाँचे के साथ-साथ ट्रेन सेवाओं में भी व्यापक बदलाव देखने को मिलेंगे।
सांसद ने रेल उपयोगकर्ता संघ का भी धन्यवाद दिया और इसे जनता की जीत बताया।
