नई दिल्ली:
अगर आपके फोन पर अनजान नंबर से कॉल आती है और दूसरी तरफ से कोई आवाज नहीं आती, तो सतर्क हो जाइए। दूरसंचार विभाग (DoT) ने ऐसे मामलों को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, Silent Call Scam के जरिए साइबर ठग लोगों के बैंक अकाउंट खाली कर रहे हैं।
क्या है Silent Call Scam
दूरसंचार विभाग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से बताया कि साइलेंट कॉल नेटवर्क की समस्या नहीं, बल्कि साइबर ठगी का नया तरीका है। इसमें ठग पहले किसी अनजान नंबर से कॉल करते हैं। जब कॉल रिसीव करने पर कोई आवाज नहीं आती और यूजर कॉल काट देता है, तो ठग यह जांच लेते हैं कि नंबर एक्टिव है या नहीं।
इसके बाद ठग अलग-अलग नंबरों से कॉल या मैसेज भेजना शुरू करते हैं और धीरे-धीरे यूजर को अपने जाल में फंसा लेते हैं।
Call received करने के बाद कैसे शुरू होता है खेल
दूरसंचार विभाग के मुताबिक, जब ठग यह पक्का कर लेते हैं कि नंबर सक्रिय है, तो वे बैंक, केवाईसी अपडेट, अकाउंट ब्लॉक या रिफंड जैसी बातों का सहारा लेते हैं। कई मामलों में यूजर को बताया जाता है कि उनका अकाउंट या कार्ड ब्लॉक होने वाला है।
इसके बाद ठग ओटीपी, पासवर्ड या कार्ड डिटेल मांगते हैं। कुछ मामलों में वे खुद को बैंक अधिकारी या पुलिस अधिकारी बताकर डराने की कोशिश भी करते हैं। इसी प्रक्रिया में लोग ठगी का शिकार हो जाते हैं।
ऐसे रखें खुद को सुरक्षित
दूरसंचार विभाग ने साफ तौर पर कहा है कि
- अनजान नंबर से आई कॉल पर आवाज न आने पर कॉल बैक न करें
- किसी भी संदिग्ध नंबर को तुरंत ब्लॉक करें
- ओटीपी, पासवर्ड या बैंक डिटेल किसी को न दें
- ऐसे नंबरों की शिकायत सरकार के साइबर क्राइम पोर्टल या टेलीकॉम शिकायत पोर्टल पर दर्ज करें
विभाग की अपील
दूरसंचार विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी तरह की संदिग्ध कॉल या मैसेज को हल्के में न लें। समय पर सावधानी बरतने से न सिर्फ आर्थिक नुकसान से बचा जा सकता है, बल्कि साइबर अपराधियों के नेटवर्क को भी तोड़ा जा सकता है।
आने वाले समय में साइबर ठगी के नए तरीकों को लेकर विभाग की ओर से और भी दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं।
