रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने गुरुवार को नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर झारखंड के यात्रियों के लिए नई और बेहतर रेल सुविधाओं की मांग रखी। बैठक में उन्होंने रांची और आसपास के जिलों में बढ़ती जनसंख्या, सफर की बढ़ती मांग और ट्रेनों में भारी भीड़ का मुद्दा विस्तार से उठाया।
इन प्रमुख रूटों पर बढ़ोतरी की मांग
मंत्री सेठ ने बताया कि कई महत्वपूर्ण रूटों पर यात्रियों को सीट नहीं मिल पाती है, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानी होती है। उन्होंने इन रूटों पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और नई सेवाएं शुरू करने का प्रस्ताव दिया:
- रांची–सिल्ली–मुरी के लिए नई MEMU ट्रेन
- रांची–लोहरदगा पैसेंजर ट्रेन के फेरों में बढ़ोतरी
- रांची–आनंद विहार (12825/12826) संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को जयपुर तक चलाने की मांग
- हटिया–आनंद विहार एक्सप्रेस को जयपुर तक चलाने की मांग
- अहमदाबाद, जयपुर व हरिद्वार के लिए सीधी ट्रेन सेवा
- हटिया-सांकी पैसेंजर/एक्सप्रेस (58663/58664/58665/58666) का विस्तार बरकाकाना-हजारीबाग टाउन तक करने का अनुरोध भी किया
- रांची-बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन वाया बक्सर चलाने की मांग
- धरती आबा एक्सप्रेस, हटिया-पुणे एक्सप्रेस, हटिया-एलटीटी एक्सप्रेस, तथा हटिया-बेंगलुरु एक्सप्रेस ट्रेनों के फेरे बढ़ाने की भी मांग रेल मंत्री के समक्ष रखी गयी
इसके अलावा रांची–लोहरदगा–गुमला–सिमडेगा रूट सहित कई और क्षेत्रों से जुड़े रेल नेटवर्क को मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा हुई।
झारखंड के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
डीआरएम संजय झा ने कहा कि यदि रेल मंत्री द्वारा स्वीकृति मिलती है, तो झारखंड के लाखों यात्रियों को भारी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित बदलावों से—
- लंबी दूरी की यात्रा आसान होगी,
- त्योहारों व भीड़ के समय सीट उपलब्धता बढ़ेगी,
- नई कनेक्टिविटी मिलने से रोजगार व व्यापार को बढ़ावा मिलेगा.
