झारखंड में मौसम बदलने वाला है। मौसम केंद्र के अनुसार सोमवार से पूरे राज्य में तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, 4 दिसंबर से तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी। राजधानी सहित कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। सुबह कोहरा और धुंध छाए रहने के बाद दोपहर तक आसमान साफ रहेगा, लेकिन दिनभर ठंडी हवा चलने से शीतलहर का असर बना रहेगा।
झारखंड में आज से बढ़ेगी ठंड, तापमान में 4–5 डिग्री की गिरावट संभव
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले चार दिनों में तापमान 4–5 डिग्री तक गिर सकता है। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। रविवार को भी राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर रहा। रांची में पारा 12.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं का असर झारखंड में दिखने लगा है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है।
