‘मंईयां सम्मान योजना’: 15 से 20 जनवरी के बीच खाते में आएंगे ₹5000, दो किश्तें एक साथ देगी हेमंत सरकार
रांची। झारखंड की लाखों महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। दिसंबर 2025 से मंईयां सम्मान योजना की राशि का इंतजार कर रही लाभुक महिलाओं को अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। हेमंत सोरेन सरकार दिसंबर और जनवरी महीने की 17वीं और 18वीं किश्त एक साथ जारी करने की तैयारी में है।
सरकार का लक्ष्य है कि योजना की राशि 15 जनवरी से 20 जनवरी के बीच डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेज दी जाए। इस बार दोनों महीनों की किश्त एक साथ मिलने से प्रत्येक पात्र महिला के खाते में कुल ₹5000 की राशि जमा होगी।
20 जनवरी तक खाते में पहुंच जाएगी राशि
विभागीय सूत्रों के अनुसार, भुगतान से जुड़ी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। अंतिम लाभुक सूची के आधार पर राशि ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि तय समयसीमा के भीतर पैसा महिलाओं के खातों तक पहुंच सके।
तकनीकी कारणों से हुई थी देरी
किश्तों के भुगतान में हुई देरी के पीछे कुछ तकनीकी कारण सामने आए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, कई लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में आधार सीडिंग नहीं होने, दस्तावेजों में त्रुटि और डीबीटी संबंधी समस्याओं के कारण भुगतान अटक गया था।
इसे देखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग ने लाभुक महिलाओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने बैंक खाते को आधार से लिंक कराएं और सभी जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन पूरा करें, ताकि आगे किसी तरह की बाधा न आए।
1000 से बढ़ाकर 2500 रुपये की गई मासिक राशि
गौरतलब है कि मंईयां सम्मान योजना की 16वीं किश्त का भुगतान 9 दिसंबर से शुरू हुआ था, जिसमें पात्र महिलाओं को ₹2500 की राशि दी गई थी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सत्ता में आने के बाद अपनी पहली कैबिनेट बैठक में चुनावी वादे के अनुसार योजना की राशि ₹1000 से बढ़ाकर ₹2500 प्रति माह कर दी थी।
सरकार का मानना है कि यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है और इससे राज्य की लाखों महिलाओं को सीधा लाभ मिल रहा है।
